Prayagraj: जमीन की पैमाइश को गई राजस्व टीम पर हमला, लेखपाल की तहरीर पर केस

जमीन की पैमाइश को गई राजस्व टीम पर हमला, लेखपाल की तहरीर पर केस
जमीन की पैमाइश को गई राजस्व टीम पर हमला, लेखपाल की तहरीर पर केस

फाफामऊ में जमीन की पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस पर ईंट-पत्थर फेंककर प्रयागराज-लखनऊ हाईवे जाम करने की भी कोशिश की गई।

कछिया शिवपुर गांव में जमीन की पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हमला कर दिया गया। एक पक्ष ने ईंट-पत्थर चलाए जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस पर ईंट-पत्थर फेंककर प्रयागराज-लखनऊ हाईवे जाम करने की भी कोशिश की गई। पुलिस ने किसी तरह लोंगों को हटाया और तब जाकर यातायात सुचारू हुआ। लेखपाल की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गंगा दर्शनम, रसूलाबाद के राजेश्वर मिश्र का दावा है कि उन्होंने कछिया शिवपुर गांव में प्रयागराज-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमीन खरीदी थी। कछिया गांव का लवकुश भी इसी जमीन पर दावा कर रहा था। दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है।

ईंट-पत्थर फेंककर जाम लगाने की कोशिश

राजेश्वर ने जमीन की पैमाइश के लिए एसडीएम सोरांव कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया था। एसडीएम के आदेश पर सोमवार को दोपहर में लेखपाल समेत सात सदस्यीय टीम पैमाइश के लिए पहुंची। साथ में फाफामऊ थाने के पुलिसकर्मी भी थे। आरोप है कि पैमाइश शुरू होती, इससे पहले ही लवकुश पक्ष से विरोध कर दिया गया। अज्ञात पुरुष व महिलाओं ने ईट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया जिससे वहां अफरातफरी मच गई।

पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। इससे आक्रोशित लोगों ने प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर ईंट-पत्थर फेंककर जाम लगाने की कोशिश की। इससे राहगीरों में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर अफसर सोरांव थाने की भी फोर्स लेकर पहुंच गए। इसके बाद जाम लगाने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों को हटाया गया और तब जाकर 10 मिनट बाद आवागमन सामान्य हुआ। पथराव में कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं। 

डीसीपी अभिषेक भारती ने बताया कि हमले की बात सही नहीं है। कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर चलाए थे। जिस पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया था।  अमरनाथ की तहरीर पर एक नामजद व 50-100 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

दूसरे पक्ष ने पिटाई, सामान बिखराने का लगाया आरोप


उधर, लवकुश पक्ष की रानी देवी, चन्द्र कली, प्रेमा देवी ने पिटाई व घर का सामान बिखराने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि पुलिस एवं राजेश्वर पक्ष के लोगों ने उनकी पिटाई की। घर में रखा चावल भी बिखेर दिया। उधर पुलिस ने आरोपों को गलत बताया है।

शेयर करने के लिए धन्यवाद्

You may also like...